मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। 9,800 से ज्यादा कांग्रेस नेताओं ने वोट दिया था। इनमें से 7,897 वोट खरगे के पक्ष में पड़े। वहीं, उनके विरोधी शशि थरूर को एक हजार से ज्यादा वोटों से ही संतोष करना पड़ा। 416 वोट खारिज कर दिए गए। थरूर ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने ट्वीट करके खरगे को जीत की बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने इसे पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र की जीत बताया।
नए अध्यक्ष की रेस में शुरुआत से ही मल्लिकार्जुन खरगे को आगे बताया जा रहा था। इसका बड़ा कारण ये है कि गांधी परिवार से लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का समर्थन खरगे को मिला था।
आंध्र प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपनी और ना ही कांग्रेस के अध्यक्ष की भूमिका के बारे में कुछ कह सकता हूं। वह काम (मल्लिकार्जुन) खरगे साहब का है। मेरी भूमिका क्या होगी वह नए अध्यक्ष तय करेंगे।
खरगे की जीत के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह
कांग्रेस के नए अध्यक्ष के रूप में मल्लिकार्जुन खरगे की जीत के बाद कांग्रेस समर्थकों में जश्न का माहौल है। ढोल-नगारे बजाकर जश्न मनाया जा रहा है।