जींद के बागडू कलां में बजरंग नामक व्यक्ति को साइबर ठगों ने फेसबुक के माध्यम से 10 लाख रुपये का चूना लगाया। ठगों ने पत्नी की मौसी के लड़के के नाम पर लंदन में फंसे होने का बहाना बनाकर पैसे मांगे। बजरंग ने कई किश्तों में पैसे भेजे लेकिन बाद में उसे ठगी का पता चला। साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

HighLights
- जींद में साइबर ठगी, 10 लाख का चूना
- फेसबुक पर रिश्तेदार बनकर ठगी
- साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज किया
साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को पत्नी की मौसी के लड़का बताकर 10 लाख रुपये का चूना लगा दिया। बागडू कलां निवासी बजरंग को फेसबुक पर उसकी पत्नी की मौसी के लड़के की आईडी से संदेश मिला, जिसमें कहा गया कि वह लंदन में किसी इमरजेंसी में फंसा हुआ है और उसे पैसे की आवश्यकता है।
बजरंग इस झांसे में आ गया और पैसे ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित बजरंग ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी की मौसी का लड़का लंदन गया हुआ है। सात जुलाई को उसे फेसबुक पर संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि उसका किसी के साथ झगड़ा हो गया है और वह अस्पताल में भर्ती है।
इसके लिए उसे 12 लाख रुपये की आवश्यकता है। आरोपित ने यह भी कहा कि उसके पास पहले से 17 लाख और 9 लाख रुपये ट्रांसफर करने की स्लिप है, जो दो दिन में उसके खाते में आ जाएंगे।
बजरंग ने कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं हैं, तो आरोपित ने उसे ब्याज पर पैसे उधार लेने का सुझाव दिया। बजरंग ने 7 से 10 जुलाई के बीच कुल 10 लाख 20 हजार रुपये आरोपित के खाते में भेज दिए।
जब आरोपित ने और पैसे मांगे, तो बजरंग ने अपनी पत्नी के मामा को फोन किया। वहां से पता चला कि उसका रिश्तेदार बिल्कुल ठीक है। इस पर उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर सेल को सूचना दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।