सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में फर्जी वोटिंग की याचिका खारिज कर दी, जिसे भाजपा ने कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश बताया। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को झूठ का शोरूम चलाने वाला कहा और संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। वहीं, प्रवक्ता जफर इस्लाम ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है।

खुद जमानत पर हैं और संस्थाओं पर आरोप लगा रहे- भाजपा
पार्टी ने यह भी तंज कसा कि राहुल गांधी खुद भ्रष्टाचार मामलों में जमानत पर हैं, इसलिए उन्हें सरकारी संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप नहीं लगाने चाहिए। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि 40 घंटे तक झूठ फैलाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की गई और चुनाव आयोग की साख पर सवाल उठाए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि इस झूठ की जिम्मेदारी कौन लेगा और क्या राहुल गांधी इसके लिए देश से माफी मांगेंगे।
भाटिया ने आगे कहा कि जब इतनी देर तक झूठी जानकारी फैलाई गई तो उसे देखने वाले लोग इसे सच मान बैठे होंगे। उन्होंने कांग्रेस पर जनता के विश्वास को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सीधे-सीधे लोकतंत्र पर हमला है। भाजपा का कहना है कि विपक्ष लगातार संस्थाओं को बदनाम करने की राजनीति कर रहा है, जबकि देश की जनता सच्चाई को समझती है और इस तरह की साजिशों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
अमित मालवीय ने भी एसआईआर पर राहुल गांधी को घेरा
महाराष्ट्र में मतदाता डेटा को लेकर चल रहे विवाद पर भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को घेरा है। भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जिस संस्थान के आंकड़ों पर भरोसा कर राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के मतदाताओं को बदनाम किया था, अब वही संस्थान मान चुका है कि उसके आंकड़े गलत थे।
उन्होंने सवाल उठाया कि अब राहुल गांधी और कांग्रेस की क्या स्थिति है, जिसने बेशर्मी से निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा और असली मतदाताओं को नकली बताकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने की कोशिश की। मालवीय ने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि राहुल गांधी को बिहार में चल रही अपनी घुसपैठिया बचाओ यात्रा तुरंत छोड़नी चाहिए और जनता से अपनी गैर-जिम्मेदार और प्रतिगामी राजनीति के लिए बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर भी बोली भाजपा
वहीं, दूसरी तरफ भाजपा ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर भी जानकारी दी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सैयद जफर इस्लाम ने कहा है कि जब पूरी दुनिया महंगाई और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और ब्रिटेन जैसे विकसित देशों में महंगाई भारत से कहीं ज्यादा है, जबकि यहां महंगाई नियंत्रित है। कांग्रेस जिस खाद्य महंगाई की बात करती है, वह वर्तमान में -1.6% है, यानी खाने-पीने की चीजों के दाम घटे हैं।
महंगाई पर वैश्विक तुलना
जफर इस्लाम ने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ब्रिटेन में महंगाई भारत की तुलना में कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में खाद्य महंगाई दर नकारात्मक (-1.6%) है, जिसका मतलब है कि आम जनता के लिए खाने-पीने की वस्तुएं सस्ती हुई हैं।
भारतीय अर्थव्यवस्था पर टैरिफ का असर नहीं
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि टैरिफ को लेकर कई चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन भारत पर इनका असर बहुत कम होगा। उन्होंने कहा कि भारत की जीडीपी में 57-58% योगदान स्थानीय खपत का है। यह वजह है कि भारत एक एक्सपोर्ट-ड्रिवन अर्थव्यवस्था नहीं है, बल्कि लोकल कंजम्पशन पर आधारित है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टैरिफ के प्रभाव का देश की विकास गति पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।