Ramandeep-Charlie Marriage Photos: क्रिकेटर रमनदीप सिंह ने एक्ट्रेस चार्ली चौहान संग रचाई शादी, देखें तस्वीरें

kaisi-yeh-yaariyan-actress-charlie-chauhan-marries-kkr-cricketer-ramandeep-singh-heres-everything

पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर रमनदीप सिंह ने टीवी अभिनेत्री चार्ली चौहान से पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाज से शादी कर ली। निजी समारोह में दोनों के परिवार, करीबी दोस्त और क्रिकेट व टेलीविजन जगत से जुड़े लोग शामिल हुए। शादी में अर्शदीप सिंह समेत कई क्रिकेटर भी नजर आए।

KKR All-Rounder Ramandeep Singh Marries TV Actor Charlie Chauhan In Traditional Punjabi Ceremony
रमनदीप और चार्ली – फोटो : ANI

भारतीय क्रिकेटर रमनदीप सिंह शादी के बंधन में बंध गए हैं। पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का हिस्सा रहे रमनदीप सिंह ने टीवी अभिनेत्री चार्ली चौहान के साथ पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाज से शादी की। इस खास मौके पर क्रिकेट और मनोरंजन जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं।

दोनों की शादी का समारोह निजी रखा गया था। इसमें परिवार के सदस्यों के अलावा करीबी दोस्त, साथी क्रिकेटर और टेलीविजन इंडस्ट्री से जुड़े लोग मौजूद रहे। समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद फैंस ने नवविवाहित जोड़े को बधाइयां दीं।
शादी में पहुंचे कई क्रिकेटर
रमनदीप के खास दोस्तों और साथी क्रिकेटरों ने भी शादी समारोह में शिरकत की। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज नमन धीर, मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार और पंजाब के क्रिकेटर जसिंदर सिंह समारोह में नजर आए। टीवी अभिनेता जय भानुशाली ने भी शादी समारोह की एक तस्वीर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की। इसके बाद रमनदीप और चार्ली की शादी की खबर को सोशल मीडिया पर और ज्यादा चर्चा मिली।क्रीम शेरवानी में दिखे रमनदीप
शादी के मौके पर रमनदीप सिंह ने कढ़ाई वाली क्रीम रंग की शेरवानी पहनी थी। वहीं चार्ली चौहान मैरून रंग के पारंपरिक ब्राइडल लहंगे में नजर आईं। उन्होंने अपने लुक को हैवी ज्वेलरी के साथ पूरा किया। दोनों का वेडिंग लुक पंजाबी परंपरा और आधुनिक अंदाज का खूबसूरत मेल नजर आया।

कौन हैं चार्ली चौहान?
चार्ली चौहान टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान ‘कैसी ये यारियां’ से मिली। इसके अलावा वह ‘बेस्ट फ्रेंड्स फॉरएवर’ जैसे टीवी शो में भी काम कर चुकी हैं। चार्ली चौहान एमटीवी रोडीज में भी नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए’ में भी हिस्सा लिया था। टीवी सीरियल और रियलिटी शोज में काम करने के कारण उनकी युवाओं के बीच अच्छी पहचान है।

 

KKR के लिए खेलते हैं रमनदीप

  • रमनदीप सिंह पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के मीडियम पेस गेंदबाज हैं। उन्हें आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए जाना जाता है।
  • रमनदीप ने 29 जनवरी 2017 को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पंजाब के लिए इंटर-स्टेट टी20 टूर्नामेंट में अपना टी20 डेब्यू किया था। आईपीएल में उन्होंने 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ डेब्यू किया। वह 2024 में KKR की खिताबी टीम का भी हिस्सा रहे।
  • रमनदीप ने आईपीएल में 38 मैचों में 299 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में सात विकेट लिए हैं। भारत के लिए उन्होंने दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेले हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना पहला मैच 13 नवंबर 2024 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। दो टी20 में उन्होंने 15 रन बनाए और एक विकेट भी लिया है।

Share it :

End