
तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार को अभिनेता से राजनेता बने तमिऴगा वेत्रि कड़्गम (TVK) प्रमुख विजय की रैली में बड़ा हादसा हो गया। भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए हैं, वहीं विधायक सेंथिल बालाजी ने दावा किया है कि अब तक 31 लोगों की जान जा चुकी है।
कैसे मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, विजय की जनसभा में हजारों लोग जुटे थे। भीड़ बढ़ने के साथ ही मंच के करीब धक्का-मुक्की शुरू हो गई और हालात बिगड़ते चले गए। चंद ही मिनटों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई लोग कुचल गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहत और बचाव कार्य
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा संभाला। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने दावा किया है कि हालात को नियंत्रण में ले लिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।
राजनीतिक हलकों में हलचल
टीवीके प्रमुख विजय की रैलियों में लगातार बड़ी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में करूर का यह हादसा उनकी राजनीतिक छवि और यात्रा पर बड़ा असर डाल सकता है। विजय हाल ही में फिल्मों से राजनीति में आए हैं और उनकी लोकप्रियता के चलते लोग बड़ी संख्या में उनकी सभाओं में पहुंच रहे हैं। विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजाम नाकाफी क्यों थे।
परिवारों में मातम
रैली में शामिल होने पहुंचे लोगों के परिवारों में मातम छा गया है। कई मृतकों और घायलों की पहचान की जा चुकी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद और मुआवजे का आश्वासन दिया है।
करूर की यह घटना न सिर्फ राज्य की राजनीति बल्कि विजय की नई राजनीतिक पारी के लिए भी बड़ा झटका साबित हो रही है।