Shahjahanpur Suicide Case : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हैंडलूम कारोबारी ने पत्नी के साथ आत्महत्या कर ली। दोनों के शव अलग-अलग कमरे में फंदे से लटके मिले। उनके चार साल के बेटे का शव बेड पर पड़ा मिला। उसे जहर दिया गया है।

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र से दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। दुर्गा एन्कलेव कॉलोनी में चार साल के मासूम बेटे को जहर देने के बाद हैंडलूम कारोबारी सचिन ग्रोवर और उसकी पत्नी शिवांगी ने आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह मासूम का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। दंपती के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले।
मोहनगंज में हैंडलूम शोरूम
कारोबारी सचिन ग्रोवर का मोहनगंज में पानीपत हैंडलूम नाम से शोरूम है। वह दुर्गा एन्कलेव कॉलोनी में अपने मकान में परिवार के साथ रहते थे। दो मंजिला मकान में वह दूसरी मंजिल पर रहते थे। इनके दो भाई रोहित और मोहित भी इसी मकान में रहते हैं।
बुधवार को उनके बड़े भाई मोहित के बेटे का नामकरण था। इसलिए सचिन की मां सीमा व भाई-भाभी जल्दी उठ गए। मां सीमा ने बताया कि सचिन सुबह आठ बजे तक नीचे नहीं आया तो उन लोगों ने आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर वह लोग ऊपर गए। कमरे का दरवाजा खोला तो परिजन चीखने लगे।

मासूम के मुंह से निकल रहे थे झाग
एक कमरे में सचिन और दूसरे कमरे में शिवांगी का शव फंदे से लटका मिला। मासूम बेटा बेड पर पड़ा था। उसके ऊपर कंबल पड़ा था। कंबल हटाकर देखा तो वह भी मृत मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। चीख-पुकार मचने पर कॉलोनी के लोग जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ एसपी और सीओ मौके पर पहुंच गए। कमरों में छानबीन की गई। बताया गया है कि 33 पन्नों के सुसाइड नोट के फोटो मिले हैं। जिसमें आर्थिक तंगी और कई लोगों की देनदारी की बात लिखी है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।